चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। विकास के तमाम दावों के बीच अनुसूचित जाति बाहुल्य छंद गांव को आज तक पेयजल सुविधा नहीं मिल सकी है। विगत कई साल से गांव में पेयजल योजना का निर्माण कराने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन शासन-प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी समस्या हल नहीं हो रही है।
खालसी ग्राम पंचायत स्थित छंद गांव में अनुसूचित जाति के करीब 137 परिवार रहते हैं, जिन्हें आज तक सरकार की तरफ से पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का लाभ नहीं मिल सका है। गांव के प्रवीन कुमार, कलीराम, चमना देवी, लक्ष्मी देवी, आनंद लाल ने बताया कि वर्ष 2017 में पेयजल योजना के निर्माण की मांग उठाई थी। बीते वर्ष जल निगम ने पेयजल योजना के निर्माण के लिए सर्वे किया, लेकिन समस्या आजतक हल नहीं हो पाई है। उन्होंने शासन प्रशासन से मामले की गंभीरता को समझते हुए गांव में जल्द पेयजल योजना का निर्माण कराने की मांग की।