उत्तरकाशी/नई टिहरी/पौड़ी। इस चुनाव में पहली बार महिला कार्मिकों की मतदान में ड्यूटी लगाई गई है। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक पोलिंग बूथ को ‘सखी बूथ’ बनाकर यहां महिला कार्मिकों को ही पीठासीन एवं मतदान अधिकारी बनाया गया है। गंगोत्री विधानसभा में राजकीय बालिका इंटर कालेज उत्तरकाशी, यमुनोत्री में राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ तथा पुरोला विधानसभा में प्राथमिक विद्यालय कृष्णा नौगांव में सखी बूथ बनाया गया है। इन बूथों पर महिला कार्मिक ही मतदान संपन्न कराएंगी। उधर, नई टिहरी में स्वीप के नोडल अधिकारी/सीडीओ आशीष भटगांई ने बताया कि नरेंद्रनगर में जीजीआईसी और नई टिहरी में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोलधार को सखी बूथ बनाया गया है। वहीं, पौड़ी जिले में दो मतदेय स्थलों में चार महिला निर्वाचन कार्मिक टीमों (दो नियुक्त, दो सुरक्षित) में कुल 16 महिला कार्मिक हैं, जिनमें चार पीठासीन और प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी 4-4 शामिल हैं। नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक दीप्ति सिंह ने बताया कि जनपद पौड़ी में दो मतदेय स्थल महिला पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों में सभी कार्मिक महिलाएं तैनात होंगी।