उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर बन रही बॉयोपिक फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता विवेक ओबराय चोटिल हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को विवेक ओबेराय धराली स्थित कल्प केदार मंदिर में पूजा अर्चना का सीन शूट कर रहे थे, लेकिन तभी मंदिर परिसर में बिछी बर्फ में दबे एक नुकीले पत्थर से उनके पैर में चोट आ गई। फिल्म यूनिट ने आनन फानन में हर्षिल से चिकित्सकों की टीम बुलाई। डाक्टरों ने अभिनेता के पैर में मरहम पट्टी कर उनका उपचार किया। अभिनेता के चोटिल होने के कारण कुछ घंटों तक शूटिंग बाधित रही। घटना की पुष्टि करते हुए फिल्म यूनिट के सदस्यों ने कहा कि अभिनेता को हल्की चोट आई है, लेकिन फिल्म की शूटिंग पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है।