चिन्यालीसौड़/बड़कोट। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने नालूपाणी के पास एक व्यक्ति को दस लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया, जबकि स्यालब खड्ड के पास एक अन्य युवक को कच्ची शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ कर शराब की भट्टी नष्ट की।
सोमवार को धरासू थाना पुलिस ने नालूपाणी के पास शूरवीर लाल को दस लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि उसके खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, बड़कोट थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान स्यालब खड्ड में फूलधार निवासी भजन लाल को कच्ची शराब बनाते हुए रंगे हाथों दबोचा। उसके पास से चार लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ ही तीस लीटर लाहन बरामद हुआ। थानाध्यक्ष डीएस कोहली ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।