बडकोट। पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप से आखिरकार दो माह बाद निषणी गांव के लिए सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताते हुए अब तेज गति से सड़क निर्माण की मांग की है।
यमुनोत्री घाटी के दांगुड़गांव, पिंडकी, मदेश और निषणी के ग्रामीणों की मांग पर इन गांवों के लिए राना से सड़क स्वीकृत हुई। दो माह पूर्व विधिवत सड़क के शिलान्यास के साथ निर्माण कार्य भी शुरू हो गया, लेकिन इसी बीच राना गांव में कुछ ग्रामीणों के विरोध के चलते सड़क का निर्माण कार्य ठप पड़ गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत एवं जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने इस मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। सोमवार को तहसीलदार बुद्धिलाल सरियाल पुलिस बल के साथ राना गांव पहुंचे। यहां विवाद समाप्त कराकर उन्होंने सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया। क्षेत्र के नरेश पंवार, भागेश्वर, मनवीर रावत, विरेंद्र आदि ग्रामीणों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर प्रशासन का आभार जताते हुए तेज गति से सड़क निर्माण कार्य करवाने की मांग की है।