उत्तरकाशी। गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने वरुणा घाटी के गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को अभी तक बड़ेथी-कवां मोटर मार्ग में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए इस संबंध में शासन-प्रशासन स्तर पर वार्ता करने की बात कही।
सोमवार को पूर्व विधायक सजवाण ने कार्यकर्ताओं के साथ वरुणा घाटी के कवां एवं खरवां गांव का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पीएमजीएसवाई द्वारा निर्माणाधीन बड़ेथी-कवां मोटर मार्ग में अधिग्रहित भूमि का अभी तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। साथ ही सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर एवं पेयजल लाइन का पुनर्निर्माण नहीं किए जाने से ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक ने जनसंपर्क कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनमोहन शाह, गोविंद सिंह, बलदेव चौहान, मनोज कुमार, मदन चंद, भागवत सिंह, किशन चंद, जयेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।