उत्तरकाशी। बच्चों को स्वरोजगार के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड बैंबू बोर्ड एवं समग्र शिक्षा परिषद द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों में 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छात्र-छात्राओं को रिंगाल व बांस से विभिन्न उत्पाद तैयार करने के गुर सिखाए जा रहे हैं।
बालिका इंटर कालेज में भी प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय की कक्षा 9 व 11 की छात्राओं ने रिंगाल व बांस से हैंडीक्राफ्ट तैयार करने का प्रशिक्षण लिया। प्रधानाचार्य सीमा दत्ता ने स्वरोजगार का महत्व बताया। बैंबू बोर्ड के जिला समन्वयक विपिन पंवार ने बताया कि बैंबू बोर्ड व समग्र शिक्षा परिषद द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जनपद के 7 विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों को रिंगाल व बांस से टोकरी, कूड़ादान, ज्वैलरी आदि उत्पाद बनाने के गुर सिखाए जा रहे हैं। वहीं उद्योग को स्थापित करने एवं रिंगाल की नर्सरी लगाने के लिए बैंबू बोर्ड द्वारा सब्सिडी व प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाता है।