उत्तरकाशी। भटवाड़ी प्रखंड के बार्सू गांव निवासी कृषक जगमोहन रावत ने राष्ट्रीय स्तर पर ‘आलू गौरव’ सम्मान प्राप्त कर जनपद के किसानों का नाम रोशन किया। बीते रोज राष्ट्रीय आलू दिवस पर मेरठ स्थित केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान में आयोजित समारोह में उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया।
हर वर्ष 15 फरवरी को राष्ट्रीय आलू दिवस मनाया जाता है। इस बार मेरठ यूपी स्थित केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान में आलू दिवस पर विशेष समारोह आयोजित किया गया। बीते दस सालों में सर्वाधिक आलू उत्पादन के आधार पर हुए चयन में उत्तराखंड से बार्सू के जगमोहन रावत तथा ऊधमसिंहनगर के परमजीत का चयन किया गया। बीते रोज मेरठ में हुए समारोह में काश्तकारों को केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के चीफ एके सिंह के हाथों ‘आलू गौरव’ सम्मान से नवाजा गया। समारोह से लौटे किसान जगमोहन रावत ने बताया कि उन्होंने अपने खेतों में तीन सौ टन आलू उत्पादन किया। उन्होंने बताया कि समारोह में पहाड़ी क्षेत्रों के लिए दो नए आलू बीज कुफरी नीलकंठ और कुफरी गंगा लांच किए गए। इनकी उत्पादन क्षमता से एक से 35 किलो तक बताई गई है।