उत्तरकाशी। मनेरा स्टेडियम में चल रही अनुसूचित जनजाति बालक वर्ग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज कर पिथौरागढ़ व चमोली की टीमों ने फाइनल में जगह बना ली है।
बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता का पहला मुकाबला पिथौरागढ़ व बागेश्वर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें पिथौरागढ़ ने विष्णु व तुषार के दो-दो गोलों की मदद से 4-1 के स्कोर से शानदार जीत हासिल की। बागेश्वर की तरफ से शुभम ने एक मात्र गोल दागा। दिन का दूसरा मुकाबला उत्तरकाशी ए व चमोली की टीमों के मध्य खेला गया, जिसमें निर्धारित समय तक दोनों की टीमें कोई गोल नहीं कर पाईं। इसके बाद मैच का निर्णय निकालने के लिए टाईब्रेकर खेला गया, जिसमें उत्तरकाशी की तरफ से नितिन और अनुज ने एक-एक गोल किया। चमोली के मनसुख टोलिया, मोहित व सुधांशु ने तीन गोल दागकर अपनी टीम को 3-2 से जीत दिलाई। इस अवसर पर उप क्रीड़ाधिकारी निधि बिंजोला ने बताया कि शुक्रवार को चमोली व पिथौरागढ़ के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस दौरान निर्मला पंत, शिवरतन रावत, रामलाल, राकेश, जितेंद्र, अतुल, विवके थापा, कृष्णा रमोला, भोपाल नेगी, प्रशांत नौटियाल आदि मौजूद रहे।