उत्तरकाशी। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए होने वाली खेल प्रतियोगिताओं को लेकर जिले में संबंधित विभागों द्वारा कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी अनुराग ने इस संबंध में डीएम को पत्र लिखकर संबंधित विभागों को निर्देशित करने की मांग की है।
राष्ट्रीय स्तर पर दिव्यांग खिलाड़ियों की खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुके उत्तरकाशी के अनुराग ने बताया कि सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए हर वर्ष खेल प्रतियोगिता का आयोजन कराती है। इस वर्ष भी आगामी 13-14 फरवरी को ऊधमसिंह नगर में राज्य स्तरीय पैरा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। हैरानी की बात है कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं को इसकी कोई जानकारी तक नहीं दी गई। अनुराग ने इस संबंध में डीएम से मुलाकात कर संबंधित विभागों को निर्देशित करने की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम डा. आशीष चौहान ने जिला शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।