उत्तरकाशी। शीतकालीन अवकाश वाले 124 विद्यालयों में छुट्टियां खत्म होने के बाद भी इन स्कूलों के खुलने के आसार नहीं बन रहे हैं। भीषण बर्फबारी से उपजे हालात को देखते हुए डीएम के प्रस्ताव पर शासन से इन विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश की अवधि सात फरवरी तक बढ़ा दी है।
जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश की व्यवस्था है। गंगा घाटी में उपला टकनौर, यमुनोत्री क्षेत्र, पुरोला ब्लाक के सरबडियार और मोरी ब्लाक के सुदूरवर्ती गांवों में दस माध्यमिक, 22 जूनियर हाईस्कूल और 92 प्राथमिक विद्यालयों में 31 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित था। आज एक फरवरी से इन विद्यालयों को खुलना था, लेकिन गांवों के बर्फ के आगोश में होने से इन विद्यालयों में बच्चों का पहुंचना तो दूर शिक्षकों का पहुंच पाना भी मुश्किल है। बर्फ से पटे रास्तों को पार कर स्कूल पहुंचने के दौरान हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान के प्रस्ताव पर शासन ने इन स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की अवधि को सात फरवरी तक बढ़ा दिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य का कहना है कि इस बार भीषण बर्फबारी के चलते जिले के ऊंचाई वाले गांव बर्फ में कैद हैं। इन हालात में वहां अभी स्कूल खुल पाना मुश्किल है।