उत्तरकाशी। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की मदद के लिए कुछ संगठनों सहित सहृदय लोगों ने हाथ बढ़ाए हैं। रेडक्रॉस सोसायटी ने राइंका भंकोली में साउंड सिस्टम व निर्धन वर्ग के 52 बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए। राइंका साल्ड में कुछ लोगों ने बच्चों को गर्म कपड़ों के साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
विज्ञापन
राइंका भंकोली के प्रधानाचार्य कामदेव पंवार ने बताया कि रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से विद्यालय को साउंड सिस्टम प्रदान किया गया है। जूनियर रेडक्रॉस सोसायटी के डा. शंभू प्रसाद नौटियाल ने बताया कि सोसायटी की ओर से विद्यालय के 52 छात्र-छात्राओं को गर्म कपड़े बांटे। उधर राइंका साल्ड में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी बुद्धि सिंह नेगी ने वर्ष 2018 की बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को प्रोत्साहन राशि दी। शिक्षक शैलेंद्र नौटियाल ने विद्यालय के दो मेधावी बच्चों को प्रोत्साहन राशि दी। माधव जोशी ने विद्यालय के तीस बच्चों को स्वेटर दी।