उत्तरकाशी। डीएम डा. आशीष चौहान ने जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को विकास कार्यों में तेजी लाकर अवमुक्त बजट का शतप्रतिशत उपयोग करने के निर्देश दिए। चालू वित्तीय वर्ष में जिले में विकास कार्यों के लिए स्वीकृत 595.09 करोड़ के सापेक्ष अभी तक 342.77 करोड़ अवमुक्त हो चुका है।
बृहस्पतिवार को डीएम ने जिला सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में जिला योजना में 42.11 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है, जिसमें से शासन से 27.03 करोड़ अवमुक्त किए जा चुके हैं, जबकि राज्य सेक्टर में 260.07 करोड़ के सापेक्ष 116.13 करोड़ व केंद्र पोषित योजनाओं में 272.03 करोड़ के सापेक्ष 178.19 करोड़ बजट विभागों को आवंटित किया जा चुका है। वाह्य सहायतित योजनाओं में भी जिले को 21.41 करोड़ का बजट मिला है।
राज्य सेक्टर में अवमुक्त बजट के सापेक्ष धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने समाज कल्याण, बाल विकास, पंचायतीराज, चिकित्सा, सिंचाई एवं रेशम विभाग के अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत कम खर्च करने वाले विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बीस सूत्री कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका व पीएमजीएसवाई को ‘डी’ श्रेणी मिलने पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कार्यों में प्रगति लाकर ‘बी’ श्रेणी हासिल करने को कहा। इस मौके पर सहकारिता विभाग द्वारा प्रकाशित कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। बैठक में सीडीओ प्रशांत आर्य, सीएमओ डा.विनोद नौटियाल, हिमानी स्नेही, डा. प्रलयंकर नाथ, आरएस रावत, संजय सिंह, राजेंद्र खत्री, प्रकाश खत्री आदि मौजूद रहे।