उत्तरकाशी। यहां मंगलवार देर शाम मनेरा बाइपास रोड पर कंसैण गांव के निकट कार हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को साल्ड गांव निवासी संग्रह अमीन रणवीर सिंह राणा (48) अपनी माता को साथ लेकर अपनी कार में देहरादून से लौट रहे थे। देर शाम करीब पौने सात बजे उनकी कार मनेरा बाइपास रोड पर कंसैण गांव के निकट अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि हादसे में महिला विक्रमा देवी (75) पत्नी गजे सिंह राणा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार चला रहा उनका बेटा रणवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने से रणवीर सिंह ने भी दम तोड़ दिया। ब्यूरो