उत्तरकाशी। दीपावली पर्व के छह दिन बाद पूर्वांचली समुदाय के लोगों द्वारा छठ पूजा पर्व मनाया गया, जिसमें महिलाओं ने गंगा भागीरथी तट पर डूबते व उगते सूरज को अर्घ्य देकर अपना उपवास तोड़ा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा अर्चना कर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान छठ पूजा समिति ज्ञानसू द्वारा भव्य समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें गायत्री हवन के बाद देर शाम तक भजन कीर्तन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समिति के संयोजक उदय शर्मा ने बताया कि पूर्वांचल के इस प्रसिद्ध त्योहार को बीते 15 साल से उत्तरकाशी में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर गंगोत्री विधायक गोपाल रावत, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, सीजेएम मिथिलेश झा, पूर्व पालिकाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, नमामि गंगे के प्रदेश संयोजक हरीश सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य कुलदीप बिष्ट, अजय प्रकाश बडोला, अनिल झा, सुधा गुप्ता, विरेंद्र अवस्थी, प्रमोद कुमार, दारा पटेल आदि मौजूद रहे।