पुरोला/नौगांव। निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम चौहान ने पुरोला में जनसभा को संबोधित किया। पार्टी के नगर पंचायत अध्यक्ष उम्मीदवार हरिमोहन नेगी के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जनता के सामने विकास का मॉडल पेश किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार आदि मुद्दों को सुलझाने में लगातार विफल रही है, जिससे आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरसना पड़ रहा है। विधायक राजकुमार ने भाजपा सरकार पर कांग्रेस शासित क्षेत्रों की उपेक्षा का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए उन्होंने नगर का विकास करने का भरोसा भी दिया। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में नामांकन वापस लेने वाले पूर्व सभासद केशर नेगी व किसान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश कुमार को पार्टी की सदस्यता भी दिलाई गई। उधर, नौगांव व बड़कोट में भी प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम चौहान ने नगर पंचायत नौगांव में कांग्रेस के अध्यक्ष पद प्रत्याशी राजेश रावत तथा नगर पालिका बड़कोट में अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा रावत के समर्थन में जनसभा की। जनसभा में राजेंद्र राणा, अतोल रावत, शूरवीर चौहान, संजय डोभाल, चिंद्रियालाल, रोजी सिंह सौंदाण, जगदीश गुसाईं, जयेंद्र रावत, राम प्रसाद सेमवाल आदि मौजूद रहे।