बड़कोट। शनिवार देर रात नगर पालिका के वार्ड-5 स्थित एक दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जल गया। हालांकि मौके पर पहुंची अग्निशमन व पुलिस विभाग की टीमों ने आग बुझाकर आसपास की दुकानों को जलने से बचा लिया। आग लगने के कारणों व नुकसान की पड़ताल की जा रही है।
शनिवार रात करीब एक बजे जय सिंह पंवार पुत्र अमर सिंह पंवार की इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में अचानक आग लग गई, जिसकी सूचना मिलने पर अग्निशमन व पुलिस विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाकर आसपास मौजूद दुकानों को जलने से बचा लिया। लेकिन तब तक दुकान में रखे मोबाइल, लैपटॉप, प्रिंटर आदि सामान जलकर राख हो गए। रविवार को प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। वहीं थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।