उत्तरकाशी। डीएम डा. आशीष चौहान ने सीमांत जनपद में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का माहौल तैयार करने की कवायद शुरू की है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे छात्र-छात्राओं को अब कलक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना विभाग के वाचनालय में संबंधित पुस्तकें पढ़ने को उपलब्ध होंगी।
डीएम चौहान ने कहा कि यहां अक्सर सुनने में आता है कि अभिभावक अपने बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देहरादून आदि बाहरी शहरों में भेजते हैं, जबकि यहां के शांत माहौल में अच्छी तैयारी हो सकती है। जरूरत है तो तैयारी के लिए अच्छी पुस्तकें उपलब्ध होना। सोमवार को वाचनालय में छात्र-छात्राओं से मुलाकात में डीएम ने कहा कि यदि उन्हें अन्य पुस्तकों की भी जरूरत हो तो वे लेखक एवं प्रकाशकों के नाम सहित इसकी सूची उपलब्ध कराएं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समय-समय पर कार्यशाला आयोजित कर विशेषज्ञ शिक्षकों से मार्गदर्शन की व्यवस्था करने का भरोसा भी दिलाया। इस मौके पर सहायक सूचना अधिकारी गोविंद बिष्ट, सुरेश कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य चौहान मौजूद रहे।