नौगांव(उत्तरकाशी)। कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अनुसूचित जाति वर्ग के कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन की सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा के शासन में आम जनता त्रस्त है।
बृहस्पतिवार को अनुसूचित जाति सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर स्वागत किया। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चली है। अनुसूचित जाति के लोगों के लिए कांग्रेस ने कल्याणकारी योजनाएं चलाईं हैं जबकि भाजपा राज में इस वर्ग की मुश्किलें बढ़ी हैं। भाजपा नेता देश में महंगाई नहीं होने की बात कहते हैं, जबकि आम जनता महंगाई से त्रस्त है। अब जनता ने भाजपा को सबक सिखाने की ठान ली है। आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड से भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है। कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल भारती ने कहा कि अनुसूचित जाति का कार्यकर्ता हमेशा कांग्रेस का सच्चा सिपाही है और आगे भी पार्टी संगठन केे मजबूती प्रदान करेगा। इस मौके पर अनुसूचित जाति की विभिन्न इकाईयों से जुड़े कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी संगठन को मजबूत करने की अपील की गई। इस मौके पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पुरोला विधायक राजकुमार, रमेश इंदवान, दिनेश खत्री, राजेंद्र राणा, अतोल रावत, संजय डोभाल, रामप्रसाद सेमवाल, सकल चंद रावत, प्यारेलाल हिमानी, हरिमोहन नेगी, रणवीर रावत आदि ने विचार रखे।
महिलाओं को मंच नहीं मिलने पर जताया खेद
नौगांव। सम्मेलन में रवाईं घाटी के विभिन्न गांवों से सौ से अधिक महिलाओं ने प्रतिभाग किया, लेकिन किसी भी महिला को मंच पर बैठने का स्थान नहीं दिया गया। एक महिला कार्यकर्ता ने माइक थाम कर अपनी नाराजगी जताई तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल भारती को अपने संबोधन में इसके लिए खेद जताना पड़ा।