बड़कोट। कुछ दिनों पूर्व पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर घायल हुई महिला की देहरादून में इलाज के दौरान मौत हो गई है। महिला की मौत से उसका अपाहिज पति व तीन बच्चे बेसहारा हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
विगत 21 सितंबर को उपराड़ी गांव की जगदेई (41) पत्नी भगवान सिंह जंगल में घास काटते वक्त पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसके बाद उसे बड़कोट अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर देहरादून रेफर किया गया था। जगदेई ने रविवार रात को उपचार के दौरान देहरादून में दम तोड़ दिया है। जगदेई के जेठ पूरण सिंह रावत ने बताया कि महिला का पति भी चोटिल होने के कारण बीते चार साल से लकवाग्रस्त है, जिससे पति व तीन बच्चों के पालन पोषण की जिम्मेदारी जगदेई पर ही थी, लेकिन उसकी मौत के बाद परिवार बेसहारा हो गया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से महिला के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।