बड़कोट। मेन बाजार स्थित होटल से एक टैक्सी चालक 19 सितंबर को रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। टैक्सी के मालिक ने शुक्रवार को बड़कोट थाने में वाहन चालक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस युवक को ढूंढने में जुटी है।
कोटियाल गांव निवासी अंकित नौटियाल (24 वर्ष) पुत्र सुमन प्रसाद नौटियाल बड़कोट में टैक्सी चलाने का काम करता था। काम के दौरान देर हो जाने पर वह कई बार मुख्य बाजार स्थित एक होटल में रुक जाता था। कुछ दिनों पूर्व भी वह इसी होटल में ठहरा था, जहां से वह 19 सितंबर को रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। चालक से कई दिनों तक संपर्क नहीं होने पर वाहन स्वामी गिरवन सिंह जयाड़ा ने उसकी पड़ताल की। पता चला कि वाहन होटल के समीप ही खड़ा है, लेकिन चालक लापता है। इसके बाद वाहन स्वामी ने बड़कोट थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने वाहन चालक की खोज शुरू कर दी है।