उत्तरकाशी। पीजी कालेज में शिक्षकों की कमी के विरोध में बीते दो दिन से चल रही तालाबंदी बृहस्पतिवार को स्थगित कर दी गई है। जिलाधिकारी की ओर से प्रतिस्थानी शिक्षकों की तैनाती से पूर्व स्थानांतरित शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं करने के आदेश पर छात्रसंघ ने यह निर्णय लिया है। हालांकि छात्रों ने शिक्षकों के अन्य रिक्त पद जल्द नहीं भरे जाने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी है।
पीजी कालेज में कुछ दिन पूर्व जंतु विज्ञान, हिंदी, भूगोल एवं वनस्पति विज्ञान विषय के चार शिक्षकों का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया गया, जिसके चलते पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे छात्रों ने आक्रोशित होकर 18 सितंबर से कालेज में तालाबंदी कर दी थी। इस दौरान छात्रों ने कक्षाओं का संचालन ठप कराकर सरकार पर सीमांत जिले के छात्रों की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि लंबे समय से रिक्त चल रहे पदों को भरने के बजाय सरकार मौजूदा शिक्षकों का भी स्थानांतरण कर छात्रों का अहित कर रही है। इस बीच छात्रों ने डीएम से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की अपील की थी, जिसका संज्ञान लेते हुए डीएम ने कालेज प्रशासन को प्रतिस्थानी शिक्षकों की नियुक्ति से पूर्व स्थानांतरित शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए छात्रों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की। इसके बाद बृहस्पतिवार को छात्रसंघ ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य चौहान ने कहा कि डीएम के आश्वासन पर तालाबंदी समाप्त कर दी गई है। हालांकि अभी भी कालेज में शिक्षकों के 13 पद रिक्त चल रहे हैं। अगर सरकार ने जल्द ही सभी रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की, तो छात्रों को मजबूरन दोबारा आंदोलन शुरू करना पड़ेगा।