उत्तरकाशी। डीएम डा. आशीष चौहान ने गणेशपुर व डुंडा औद्योगिक आस्थानों में उद्योग संचालित करने के लिए आवंटित भूखंडों की धरातल पर जांच करने के निर्देश दिए हैं। आवंटित भूखंड पर उद्योग संचालित नहीं करने पर उन्होंने आवंटन निरस्त करने के आदेश दिए हैं।
बुधवार को जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक में डीएम ने जिले में उद्योगों की संभावनाओं एवं मौजूदा औद्योगिक आस्थानों में संचालित उद्योगों की समीक्षा की। डीएम ने उद्योग चलने की संभावनाओं को देखते हुए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
डीएम ने एडीएम, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक व लीड बैंक अधिकारी की कमेटी बनाकर इस संबंध में जांच कर दस दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने कहा कि आवंटित भूखंड पर उद्योग संचालित नहीं होने की स्थिति में आवंटन निरस्त किया जाएगा। इसके साथ ही डीएम ने औद्योगिक आस्थानों की भूमि पर हुए अवैध कब्जे हटाकर, भूमि पर घेरबाड़ करने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी हिमानी स्नेही, लीड बैंक अधिकारी बीएस तोमर, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एचएल आर्य, राज्य कर निरीक्षक पूरण सिंह, सहायक अभियंता डीआरडीए डीडी रतूड़ी, गणेशपुर की प्रधान पुष्पा चौहान, दिनेश भट्ट आदि मौजूद रहे।