पुरोला/बड़कोट। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी समिति के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी पांडे की गिरफ्तारी के विरोध में राज्य आंदोलनकारियों ने जुलूस-प्रदर्शन किया। राज्य आंदोलनकारियों ने राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित कर मामले में कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को पुरोला में राज्य आंदोलनकारियों ने जुलूस प्रदर्शन कर सरकार व पुलिस पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान जेपी पांडे राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह को ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने अभद्रता कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आंदोलनकारियों ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर अध्यक्ष को रिहा कर उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में पृथ्वी राज कपूर, कौशल किशोर, दलबीर रावत, आशाराम नौटियाल, राजेश, राम प्रसाद, कन्हैया सिंह आदि शामिल रहे। इधर बड़कोट में भी चिह्नित राज्य आंदोलनकारी समिति ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित कर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष को शीघ्र रिहा करने और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के अध्यक्ष विशालमणि बधानी, डा. जेएस चौहान, गणेश रमोला, सुंदर सिलवाल, रघुवीर सिंह आदि शामिल थे।