उत्तरकाशी। ईस्टर्न रेलवे की पश्चिम बंगाल स्थित प्रोडक्शन यूनिट के पर्वतारोहियों का एक दल मंगलवार को केदारताल ट्रैकिंग अभियान पर रवाना हुआ है। आठ सदस्यीय दल का उद्देश्य उच्च हिमालयी क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। दल को स्नो स्पाइडर ट्रेक एंड टूर एजेंसी की ओर से तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
मंगलवार को गंगोत्री धाम के लिए रवाना होने से पूर्व टीम लीडर प्रमोद सिंह ने बताया कि दल में शामिल सभी आठ पर्वतारोही ईस्टर्न रेलवे के विभिन्न विभागों में कार्यरत होने के साथ ही रेलवे द्वारा पोषित इमनी ट्रैकर ग्रुप के सदस्य हैं। ग्रुप के सदस्य हर वर्ष विभिन्न हिमालयी क्षेत्रों में जाकर सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाते हैं, जिसके तहत इस बार 4750 मीटर की ऊंचाई पर स्थित केदारताल क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जाएगा। 19 से 24 सितंबर तक चलने वाले अभियान के दौरान गंगोत्री से केदारताल ट्रेक रूट एवं जोगिन पीक के बेस कैंप तक सफाई की जाएगी। अभियान में तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहे स्नो स्पाइडर ट्रैक एंड टूर के संयोजक भागवत सेमवाल ने बताया कि दल में प्रमोद सिंह, सुब्रतो दत्ता, सुजीत दास, पीएन बिस्वास, सुभाभ्रता किरतानिया, सोमन चक्रवर्ती, रितेश शाह, सुरजीत शाह सहित पोर्टर व गाइड भी शामिल हैं। टीम बुधवार सुबह गंगोत्री से केदारताल के लिए रवाना होगी।