उत्तरकाशी। गंगोत्री हिमालय क्षेत्र में भागीरथी-2 हिमशिखर पर आरोहण के लिए निकले अभियान दल में शामिल बंगलूरू के एक पर्वतारोही की बीते रोज मौत हो गई। उसके सभी साथी अभियान को स्थगित कर शव के साथ गंगोत्री लौट आए हैं।
बता दें कि बीते सात सितंबर को पांच सदस्यीय पर्वतारोही दल भागीरथी-2 हिमशिखर पर आरोहण के लिए गंगोत्री से रवाना हुआ था। इस दल ने भोजवासा होते हुए आठ सितंबर को नंदनवन पहुंचकर यहां बेस कैंप स्थापित किया। बीते 12 सितंबर को दल में शामिल पर्वतारोही बंगलूरू निवासी भरत अशोक (32 वर्ष) पुत्र अशोक की तबियत अचानक बिगड़ गई। ग्रुप लीडर मसूरी निवासी पीतांबर दत्त उसे लेकर भोजवासा पहुंचा, जहां आर्मी कैंप में मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। गंगोत्री पुलिस चौकी में तैनात हेड मुहर्रिर दिनेश ध्यानी ने बताया कि मृत पर्वतारोही का शव गंगोत्री पहुंचा दिया गया है। शुक्रवार को शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि पर्वतारोही दल अभियान स्थगित कर वापस गंगोत्री लौट आया है। ब्यूरो