बड़कोट। यमुनाघाटी की गीठ पट्टी के 12 गांवों के आराध्य सोमेश्वर देवता की डोली तीन दिवसीय डोडीताल यात्रा के लिए रवाना हुई। पिंडकी गांव के ग्रामीणों द्वारा सोमेश्वर देवता की डोली को डोडीताल स्थित मां अन्नपूर्णा के दर्शनों के लिए ले जाया जा रहा है।
बुधवार को यात्रा से पूर्व पिंडकी गांव स्थित पौराणिक मंदिर में गीठ पट्टी के ग्रामीण सोमेश्वर देवता के दर्शनों के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर देवता से मन्नतें मांगी और कुशल यात्रा की कामना की। इसके बाद ढोल-दमाऊं की थाप पर पारंपरिक लोक नृत्य के साथ ग्रामीणों ने देवता की डोली को डोडीताल यात्रा के लिए रवाना किया। पिंडकी गांव निवासी महावीर पंवार ने बताया कि देवता के आदेश पर समय-समय पर देव डोली को डोडीताल स्थित मां अन्नपूर्णा के दर्शनों के लिए ले जाया जाता है। इस बार पिंडकी गांव को यात्रा की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने बताया कि डोली यात्रा हनुमानचट्टी से 34 किमी पैदल दूरी तय कर डोडीताल पहुंचेगी। इस मौके पर वीरु उनियाल, कुंवर सिंह, चैन सिंह, सुभाष चौहान आदि मौजूद रहे।