बड़कोट। ओजरी-डबरकोट में हो रहे भूस्खलन का जायजा लेने के लिए पहुंचे विधायक व डीएम को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। भूस्खलन का स्थायी समाधान नहीं किए जाने से भड़के गीठ-बजरी पट्टी के ग्रामीणों ने विधायक व डीएम का घेराव किया। उन्होंने शासन-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
ओजरी-डबरकोट में यमुनोत्री हाईवे लगातार भूस्खलन से अवरुद्ध हो रहा है, जिससे यात्रा कम होने से लोगों का रोजगार छिन गया है। एक साल से भूस्खलन क्षेत्र का स्थायी समाधान नहीं किए जाने से गुस्साए गीठ-बजरी पट्टी के ग्रामीणों ने यमुनोत्री विधायक केदार रावत व डीएम डा. आशीष चौहान का घेराव किया। उन्होंने कहा कि बीते एक साल में न तो स्लाइड जोन का ट्रीटमेंट किया गया और न ही स्थायी वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया, जबकि 90 लाख रुपये में तैयार किया गया अस्थायी वैकल्पिक मार्ग भी खस्ताहाल बना हुआ है। उन्होंने विधायक और डीएम से जल्द स्थायी वैकल्पिक मार्ग तैयार कर स्लाइड जोन का ट्रीटमेंट कराने की मांग की। साथ ही ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
वहीं ओजरी गांव के ग्रामीणों ने वैकल्पिक मार्ग के लिए प्रयोग की गई भूमि का सालभर बाद भी प्रतिकर नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई, जिस पर विधायक ने कहा कि प्रतिकर के लिए 74 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है। जल्द ही ग्रामीणों को मुआवजा वितरित किया जाएगा। उधर, डीएम ने पैदल मार्ग को दुरुस्त कर शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य आदि सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अरविंद रावत, महावीर पंवार, चंद्रमोहन, चैन सिंह, भगत राणा, मनवीर रावत, बचन सिंह, राकेश पंवार आदि मौजूद रहे।
यमुनोत्री हाईवे पर चौथे दिन भी आवाजाही हुई खतरनाक
ओजरी-डबरकोट में पहाड़ी से रुक-रुककर गिर रहे हैं बोल्डर
अमर उजाला ब्यूरो
बड़कोट। ओजरी-डबरकोट में हुए भूस्खलन के कारण बीते चार दिन से बंद पड़े यमुनोत्री राजमार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे आवाजाही सुचारु हो गई है। हालांकि पहाड़ी से अभी भी रुक-रुककर बोल्डर व मलबा गिर रहा है। इस पर प्रशासन ने लोगों को भूस्खलन क्षेत्र से नहीं जाने की सलाह दी। हालांकि कई चालकों ने जान जोखिम में डालकर आवाजाही की। वहीं बृहस्पतिवार सुबह यमुनोत्री हाईवे पेड़ गिरने से दो घंटे बाधित रहा।
विगत रविवार को हुई भारी बारिश के बाद ओजरी-डबरकोट में हुए भूस्खलन से यमुनोत्री राजमार्ग बाधित हो गया था, जिसे बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे सुचारु किया गया। बृहस्पतिवार को स्लाइड जोन का विधायक केदार रावत व डीएम डा. आशीष चौहान ने जायजा लिया। साथ ही उन्होंने चार किमी लंबे तिर्खली-कुंसाला वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण भी किया। वहीं बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के निकट पेड़ गिरने से यमुनोत्री राजमार्ग बाधित हो गया, जिससे हाईवे के दोनों ओर से वाहनों की कतार लग गई। हालांकि एनएच कर्मचारियों ने लगभग दो घंटे सवा सात बजे बाद पेड़ को हटाकर यातायात सुचारु कर दिया था।