उत्तरकाशी। कामरेड कमलाराम नौटियाल का पांचवां स्मृति सम्मान समारोह गाजणा स्थित राइंका धौंतरी में आयोजित किया गया। इस बार चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वालों के साथ ही क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र के लिए कामरेड कमलाराम नौटियाल की ओर से किए गए संघर्षों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। अन्य वक्ताओं ने कहा कि गाजणा क्षेत्र के भेटियारा गांव में जन्मे कामरेड नौटियाल ने जीवन पर्यंत गरीब एवं पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए संघर्ष किया।
वर्ष 2012 में उनका देहांत होने के बाद कामरेड कमलाराम नौटियाल प्रगतिशील मंच का गठन किया गया। मंच के अध्यक्ष केसी कुड़ियाल ने कहा कि कामरेड कमलाराम की संघर्ष गाथा को आगे बढ़ाने और लोगों को इससे जोड़ने के लिए अब निरंतर कार्यक्रम किए जाएंगे। कमलाराम की बेटी डा. मधु नौटियाल थपलियाल ने कहा कि मंच द्वारा बीते चार साल में 22 विभूतियों को सम्मानित किया है। संवेदना समूह के कार्यकर्ताओं ने जनगीतों के माध्यम से कामरेड के संघर्षों की याद ताजा कराई। इस मौके पर चार धाम विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सूरत राम नौटियाल, उक्रांद के विष्णुपाल रावत, हरीश सेमवाल, कमला नौटियाल, प्रधानाचार्य प्रवीण शाह, राजेश नौटियाल, नवीन पैन्यूली, राजू दास, मंगला प्रसाद नौटियाल आदि मौजूद थे।
इन्हें किया सम्मानित
डा. एसडी सकलानी, रेडियोलॉजिस्ट डा. शिव प्रसाद कुड़ियाल, डा. प्रेम पोखरियाल व समाजसेवी कामरेड महावीर प्रसाद भट्ट एवं कुशलानंद बहुगुणा के अलावा मेधावी छात्रों में राइंका धौंतरी के दुर्गेश पंवार एवं निर्मला रावत, बड़ेथ के कुलदीप बिष्ट एवं आशमा, कमद के दुर्गेश पोखरियाल एवं दीपनारायण, श्रीकालखाल की पूजा, पयाल एवं लक्ष्मी पोखरियाल को सम्मानित किया।