उत्तरकाशी। होटल एसोसिएशन ने नगर की समस्याओं को लेकर डीएम से मुलाकात की। सोमवार को होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों डीएम को बताया कि हजारों तीर्थयात्री यात्री यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में आ रहे है, जिन्हें नगर क्षेत्र में समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रामलीला मैदान को वर्तमान में अस्थायी बस अड्डा बनाया गया है। जहां पालिका द्वारा कूडा एकत्र किया जाता है। इससे तीर्थयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही विश्वनाथ मंदिर परिसर में आए दिन भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन यहां भी अंधेरा पसरा रहता है। उन्होंने रामलीला मैदान से कूड़ादान हटवाने और विश्वनाथ मंदिर में प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह मटूडा, सचिव रविंद्र नेगी, राजेंद्र पंवार, आशीष कुड़ियाल, प्रताप राणा आदि मौजूद रहे।