उत्तरकाशी। लोक संघर्ष मोर्चा ने भाजपा नेताओं की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार के व्यक्तिगत आरोपों पर नाराजगी व्यक्त की है। मोर्चा के संयोजक सूरत राम नौटियाल ने भाजपा नेताओं के आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए उनके खिलाफ मानहानि का दावा ठोकने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि लोक संघर्ष मोर्चा ने आरटीआई से प्राप्त जानकारी के आधार पर भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए थे, लेकिन भाजपा नेताओं ने बिना किसी आधार के ही उनके खिलाफ आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नेता अपने आरोपों को सिद्ध नहीं कर सकें तो उन्हें माफी मांगनी होगी। अन्यथा वह आरोप लगाने वाले नेताओं के खिलाफ मानहानि का दावा पेश करेंगे। कुछ दिनों पूर्व लोक संघर्ष मोर्चा ने भाजपा के कुछ नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिसके बाद उक्त भाजपा नेताओं ने पत्रकार वार्ता कर मोर्चा के पदाधिकारियों के खिलाफ आरोप लगाए थे।