बड़कोट (उत्तरकाशी)। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार देर रात पौंटी गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सरकार की योजनाएं बताई। उन्होंने गांव में विकास कार्यों के लिए 25 लाख देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने गांव में अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति के घर भोजन कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
ग्राम स्वराज अभियान के तहत नौगांव के पौंटी गांव का चयन किया गया है। शनिवार को जिले के दौरे पर पहुंचे शहरी विकास मंत्री कौशिक देर रात पौंटी गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ उनका स्वागत किया। गांव के भद्रकाली मंदिर परिसर में हुई गोष्ठी में काबीना मंत्री ने कहा कि सरकार ग्राम पंचायतों को सुदृढ़ करने में जुटी है। इसी के तहत ग्राम स्वराज अभियान चलाया जा रहा है। प्रधान महिमानंद तिवारी ने उन्हें गांव की समस्याएं बताई। मंत्री ने गांव के विकास के लिए 25 लाख देने की घोषणा की तथा रवाईं घाटी फार्म मशीनरी बैंक के लिए चार लाख छह हजार 989 रुपये का चेक दिया। इसके बाद काबीना मंत्री ने गांव में अनुसूचित जाति के चमन लाल टम्टा के घर सहभोज किया।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम डोभाल, एसडीएम पीएस राणा, सीओ जीएल कोहली, मनवीर चौहान, जगवीर भंडारी, सुलोचना गौड़ आदि मौजूद रहे।