उत्तरकाशी। मनेरा स्टेडियम में चल रही ऑल इंडिया टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप अब रोमांचक दौर में पहुंच गई है। बाड़ाहाट क्रिकेट क्लब, राका क्लब मथुरा एवं डीएस दिल्ली की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। चौथी टीम का फैसला रविवार को राजपूत क्लब डोईवाला और गुरुकुल कांगड़ी के बीच होने वाले मैच में होगा।
बाड़ाहाट खेल समिति की ओर से मनेरा स्टेडियम में ऑल इंडिया टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के विभिन्न प्रांतों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। शनिवार को डीएस दिल्ली और ज्ञानसू स्टाइकर्स बंगलूरू के बीच क्वाटर फाइनल मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगलूरू की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 161 रन बनाए। इसमें करमवीर ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए। दिल्ली की ओर से परवेंद्र अवाना एवं सुबोध भाटी ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने 18.1 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की की। दो विकेट झटकने के साथ ही 22 रन बनाने वाले दिल्ली के सुबोध भाटी मैन ऑफ द मैच चुने गए।
आयोजन समिति के अध्यक्ष जसपाल चौहान ने बताया कि रविवार को राजपूत क्लब डोईवाला एवं गुरुकुल कांगड़ी के बीच अंतिम क्वाटर फाइनल खेला जाएगा। बाड़ाहाट क्रिकेट क्लब और राका क्लब मथुरा की टीमें पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को फाइनल मैच के बाद पुरस्कार वितरण के साथ प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा। आयोजन में जयवीर नेगी, मुकेश रावत, अंकित सिंह, संदीप रवि आदि का सहयोग रहा।
प्रख्यात खिलाड़ी भी पहुंचे हैं क्रिकेट खेलने
मनेरा स्टेडियम में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट शामिल होने पहुंची डीएस दिल्ली की टीम में कई नामचीन खिलाड़ी भी शामिल हैं। परवेंद्र अवाना इंडिया की सीनियर टीम में खेल चुके हैं, जबकि शिवा सिंह हाल ही में हुए अंडर-19 विश्व कप में इंडिया टीम की ओर से खेले। इनके अलावा राहुल यादव, योगेश नागर, अंकित दवास एवं शिवम शर्मा आदि खिलाड़ी भी दिल्ली की ओर से रणजी खेलने के साथ ही आईपीएल मैचों में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।