उत्तरकाशी/बड़कोट। ग्राम स्वराज अभियान के तहत गंगोत्री विधायक गोपाल रावत एवं यमुनोत्री विधायक केदार रावत की ओर से विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। साथ ही अनुसूचित जाति के परिवारों के साथ सहभोज कर उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
ग्राम स्वराज अभियान के तहत गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने गाजणा पट्टी के भड़कोट एवं ल्वारखा गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ल्वारखा गांव में सड़क निर्माण के लिए आठ लाख रुपये देने सहित पंचायत भवन की छत की मरम्मत एवं पेयजल योजना की मरम्मत करवाने की घोषणा की। वहीं भड़कोट में निर्माणाधीन पुल की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित विभाग का जवाब-तलब किया। उनके साथ महावीर नेगी, विजय संतरी, अरविंद बिष्ट, बलवीर राणा, विक्रम पंवार, दिनेश रावत आदि मौजूद रहे। उधर, यमुनोत्री विधायक केदार रावत ने बड़कोट क्षेत्र के गंगटाड़ी एवं पौंटी गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सामूहिक भोज कर ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाएं बताई। भ्रमण के दौरान श्याम डोभाल, संदीप राणा आदि मौजूद रहे।