उत्तरकाशी। मां गंगा के संरक्षण एवं निर्मलता को लेकर पूर्व मंत्री डा. मोहन सिंह रावत गांववासी की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें गंगा संरक्षण के लिए आगामी 27 मार्च को गंगोत्री से हरिद्वार तक ‘गंगा समग्र यात्रा’ निकालने का निर्णय लिया गया। यात्रा के दौरान गंगोत्री से हरिद्वार तक के विभिन्न पड़ावों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
मंगलवार को लोनिवि विश्राम गृह में पूर्व मंत्री डा. मोहन सिंह रावत गांववासी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गंगा के अस्तित्व को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि 27 मार्च को गंगा जल को कलश में भरकर गंगोत्री से यात्रा प्रारंभ की जाएगी, जिसके बाद 28 मार्च को उत्तरकाशी, 29 को चिन्यालीसौड़, 30 को नई टिहरी, 31 को देवप्रयाग, 1 अप्रैल को ऋषिकेश आदि पड़ावों से होते हुए 2 अप्रैल को हरिद्वार में यात्रा का समापन किया जाएगा।
बैठक में हरीश सेमवाल, हरीश डंगवाल, सुधा गुप्ता, लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जयवीर चौहान, सुरेश चौहान, उषा भट्ट, ललिता सेमवाल, किशोर भट्ट, महावीर नेगी, जगमोहन चौहान, अजय बहुगुणा, राजेंद्र गंगाड़ी, शांति ठाकुर, प्रताप पोखरियाल, जगमोहन राज, धीरज लाल, मनवीर राणा आदि लोग मौजूद रहे।