उत्तरकाशी। आम जनता को पेयजल मुहैया कराने वाले जल संस्थान के दैनिक वेतनभोगी फील्ड कर्मचारियों को पांच माह से मानदेय नहीं मिला। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मचारियों ने मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय पर सांकेतिक तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र मानदेय भुगतान नहीं होने पर होली के दिन जिला मुख्यालय क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप करने की चेतावनी दी।
बीते तीस सालों से जल संस्थान में दैनिक वेतन भोगी के तौर पर सेवाएं दे रहे फील्ड कर्मचारी कामेश्वर प्रसाद भट्ट ने बताया कि पूरे जिले में जलापूर्ति का जिम्मा फील्ड कर्मियों के भरोसे है। दैनिक वेतन भोगी फील्ड कर्मचारियों को प्रतिमाह महज 5-6 हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है और वह भी बीते पांच माह से भुगतान नहीं हुआ। ऐसे में फील्ड कर्मचारियों के समक्ष परिवार के गुजर बसर की समस्या खड़ी हो गई है।
आक्रोशित कर्मचारियों ने मंगलवार को जल संस्थान के दफ्तर पर सांकेतिक तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में रमेश भट्ट, गोविंद चौहान, मुकेश चौहान, कामदेव व्यास, वृकोदर रावत, भगवती प्रसाद, मनोज आदि शामिल थे। जल संस्थान के ईई बीएस डोगरा का कहना है कि बजट के कमी के कारण फील्ड कर्मियों के मानदेय भुगतान में कुछ विलंब हुआ है। होली से पहले हर हाल में इन्हें मानदेय भुगतान कर दिया जाएगा।