उत्तरकाशी। डीएम डा. आशीष चौहान ने मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने पोर्टल पर दर्ज जिले से संबंधित 17 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बने मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर भेटियारा गांव निवासी शंभू प्रसाद नौटियाल ने कृषि भूमि से संबंधित शिकायत दर्ज की, जिस पर डीएम ने जांच कमेटी गठित कर दस दिन के भीतर निस्तारण के आदेश दिए। वहीं, लक्ष्मी प्रसाद के आवासीय भवन पर खतरा बने वृक्ष को काटने के लिए दर्ज शिकायत पर एसडीएम भटवाड़ी को डीएफओ से समन्वय कर निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ विनीत कुमार, एडीएम पीएल शाह, एसडीएम भटवाड़ी देवेंद्र नेगी, बीडीओ संजय सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. प्रलयंकर नाथ आदि उपस्थित रहे।