पुरोला। अग्निकांड से तबाह हुए सावणी वासियों की सहायता के लिए समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा भरपूर सहयोग किया जा रहा है। अग्निकांड में अपना सब कुछ गवां बैठे 46 परिवारों के लिए निकटवर्ती गांवों सहित कई स्वयं सेवी संस्थाओं एवं संस्थानों द्वारा मदद का हाथ बढ़ाया गया है।
इसी क्रम में शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज पुरोला के शिक्षकों द्वारा राशन सामग्री की 46 किट गांव में पहुंचाई गई। विद्यालय के महेंद्र राणा, सुरेंद्र पंवार आदि ने बताया कि प्रत्येक किट में आटा, चावल, दाल, नमक आदि सामग्री दी गई है। वहीं, राजकीय इंटर कालेज गंदियाट गांव के शिक्षकों ने भी 8600 रुपये की सहायता एकत्र कर प्रभावित परिवारों के लिए दान की है। विद्यालय के प्रवक्ता मक्खन सिंह नेगी ने बताया कि सहायता राशि राजस्व विभाग के माध्यम से पीड़ितों तक पहुंचा दी गई है।