बड़कोट। फाल्गुन संक्रांति के पुण्य पर्व पर पौराणिक कुंड की जातर वसंत मेले का गंगनाणी में 13 फरवरी से शुरू होगा, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत करेंगे। तीन दिवसीय मेले में आराध्य बौखनाग महाराज व जमदग्नि ऋषि के आशीर्वाद सहित लोक संस्कृति के रंग देखने को भी मिलेंगे। वहीं जिला पंचायत व जिला प्रशासन की ओर से मेले को जनहित से जोड़ने के लिए विभागीय प्रदर्शनी लगाने व प्रतिभावान लोगों को पुरस्कृत करने की भी योजना बनाई गई है।
मंगलवार से शुरू हो रहे मेले इस बार कुश्ती सहित वालीबाल व कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों को सरकार व विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉलों सहित कृषि, उद्यान, पशुपालन आदि विभागों की गोष्ठियां भी आयोजित की जाएगी। मेले के उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान, सीडीओ विनीत कुमार, मेला मजिस्ट्रेट पूरन सिंह राणा, अपर मुख्य अधिकारी कबूलचंद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश चंद रमोला आदि मौजूद रहेंगे।