चिन्यालीसौड़। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में बदइंतजामी के चलते बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की खबर लगने पर यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने शनिवार को विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने राइंका चिन्यालीसौड़ के चार अन्य कमरे नवोदय विद्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में सोलर वाटर हीटर आदि सामान के लिए विधायक निधि से बजट की घोषणा की।
शनिवार को नवोदय विद्यालय पहुंचे विधायक केदार सिंह रावत ने यहां छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से वार्ता कर विद्यालय की समस्याएं जानीं। विधायक ने बताया कि बनचौरा में नवोदय विद्यालय का भवन बनना है। इसके लिए वित्त मंत्री से वार्ता कर ली गई है। अगले सत्र में बजट उपलब्ध कराकर भवन का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इस मौके पर शिक्षक सुरेश भट्ट, शीशपाल रमोला, राजेंद्र पंवार, राजेश, जगवीर, शिवशंकर पैन्यूली आदि भी मौजूद रहे।