उत्तरकाशी। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं परिवहन विभाग की ओर से निरंतर चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। एआरटीओ ने जोगत एवं ऊपरीकोट मोटर मार्ग पर बीस वाहनों के चालान किए और चार वाहन सीज किए।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पुलिस एवं परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को एआरटीओ कुलवंत चौहान ने चिन्यालीसौड़- जोगत व ज्ञानसू-ऊपरीकोट मोटर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ओवरलोडिंग में बीस वाहनों के चालान किए। चार वाहनों में जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर उन्हें सीज कर दिया। बुधवार को ज्ञानसू पुलिस लाइन में कार्यशाला आयोजित कर बस, ट्रक एवं टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं मोटर व्हीकल एक्ट की जानकारी दी गई।
पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में जनपद में करीब 15 हजार से ज्यादा छोटे-बड़े वाहन संचालित हैं। अधिकांश वाहन बगैर बीमा के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन का बीमा कराना अनिवार्य है। मौके पर मौजूद रिलायंस इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि प्रवीण राणा ने बीमा नियमों की जानकारी दी।