उत्तरकाशी। राजकीय शिक्षक संघ की बैठक में शिक्षकों की समस्याओं एवं लंबित मांगों के साथ ही जनपदीय द्विवार्षिक अधिवेशन एवं शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बुधवार को शिक्षक संघ भवन में संगठन के जिलाध्यक्ष उपेंद्र भंडारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। शिक्षकों ने पारदर्शी स्थानांतरण एक्ट लागू करने, अन्य राजकीय कर्मचारियों की भांति शिक्षकों को भी एसीपी का लाभ देने, अक्तूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने तथा प्रवक्ता एवं प्रधानाध्यापक व प्रधानाचार्य के रिक्त पदों पर मौलिक पदोन्नति की मांग की। बैठक में बताया गया कि संगठन का जनपद स्तरीय द्विवार्षिक अधिवेशन एवं शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी 21, 22 व 23 दिसंबर को कीर्ति इंटर कालेज उत्तरकाशी में आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिला मंत्री अतोल महर ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस मौके पर शैला नेगी, धीरेंद्र भंडारी, अवतार चौहान, शमशेर चौहान, दीपक नेगी, वीरेंद्र नौटियाल, दिवाकर पैन्यूली, पुरुषोत्तम सैंसवाण, शांति लाल शाह, मनोज परमार आदि मौजूद रहे।