उत्तरकाशी। जिले के अधिकारी अब अपने पारिवारिक समारोह आंगनबाड़ी केंद्र और सरकारी स्कूल के बच्चों के साथ मनाएंगे। डीएम डा. आशीष चौहान की ओर से अतिथि भोज की यह अनूठी पहल शुरू की गई है। शनिवार को योजना का शुभारंभ पशु चिकित्सा अधिकारी ने अपनी बेटी का जन्मदिन आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ मनाकर किया।
डीएम डा. आशीष चौहान ने अतिथि भोज की योजना में सभी अधिकारियों को आगे आने के लिए कहा। योजना की पहल के तौर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी प्रलयंकर नाथ व उनकी पत्नी अंजली नाथ की ओर से अपनी बेटी अभिव्यक्ति का जन्मदिन लदाड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों संग मनाया गया। उन्होंने बच्चों को मिठाई व खिलौने बांटकर उनके साथ समय बिताया। योजना के शुभारंभ पर डीएम ने कहा कि इस पहल से समाज के बीच बनी अमीर गरीब की खाई को कम करने में मदद मिलेगी। आर्थिक तौर पर मजबूत वर्ग के साथ ही, कमजोर वर्ग के बच्चों को भी जीवन की हर खुशी पाने का पूरा हक है। इसके लिए उच्च वर्ग को पीछे रह गए लोगों को आगे बढ़ाना होगा। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि यह उनके जीवन के सबसे अच्छे पारिवारिक उत्सवों में से एक था। जो जन्मदिन हमारी बेटी के लिए मात्र एक सालाना आयोजन था, वही उत्सव व तोहफे इन बच्चों के साथ बांटकर उसके लिए यादगार पल बन गए हैं। उन्होंने कहा कि अन्य अधिकारियों सहित समाज के उच्च वर्ग के लोगों को भी जिलाधिकारी की इस पहल का हिस्सा बनना चाहिए। ब्यूरो