उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में दुग्ध का उत्पादन बढ़ाने और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जिला दुग्ध संघ उत्तरकाशी के अध्यक्ष सुरेंद्र नौटियाल ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने जिला योजना के तहत दुग्ध संघों को बजट देने की मांग की है।
उत्तरकाशी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र नौटियाल ने बताया कि पूर्व में राज्य योजना के तहत दुग्ध संघों को ऋण और यातायात अनुदान की व्यवस्था थी, लेकिन 22 अगस्त 2014 को जारी किये गये शासनादेश के तहत पूर्व सरकार ने इस व्यवस्था को खत्म कर दिया था। जबकि ग्रुप सचिवों की सेवाएं भी खत्म करने की बात कही। इससे दुग्ध संघ घाटे में चले गये और दूध का उत्पादन भी घट गया। ऐसे में सभी जिला दुग्ध संघ के अध्यक्षों ने देहरादून में मुख्यमंत्री से मिलकर पूर्व की व्यवस्था को फिर से लागू करने की मांग की है। उन्होंने कार्मिकों को छठवें वेतनमान और एरियर व ईपीएफ का लाभ देने की भी मांग की है। जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ब्यूरो