उत्तरकाशी। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन जनपद शाखा के छठवें द्विवार्षिक अधिवेशन में मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने सहित विभिन्न मांगे की।
शुक्रवार को सुमन सभागार में आयोजित अधिवेशन में गंगोत्री विधानसभा के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान एसोसिएशन ने उन्हें अपना मांग पत्र सौंपा, जिसमें संगठन ने मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों के लिए शैक्षिक योग्यता स्नातक करने, कनिष्ठ सहायक का ग्रेड पे 4200 रुपये , फिल्ड कर्मचारियों की भांति मिनस्ट्रियल कर्मचारियों को भी वाहन भत्ता देने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने आदि मांग शामिल रही। वहीं पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं है। बावजूद इसके वह कर्मचारियों की मांग शासन स्तर पर मनवाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय रावत, उत्तरांचल पर्वतीय शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष गोपाल राणा, सुभाष नौटियाल, नत्थी सिंह, जय प्रकाश बिजल्वाण, जगमोहन चौहान, प्यार सिंह राणा, द्वारिका नौटियाल, अनिल रावत, ममराज भट्ट, प्रेम सिंह, विनोद कुकरेती आदि शामिल रहे।