उत्तरकाशी। जिलाधिकारी डा. आशीष कुमार चौहान ने जनपद में मीजिल्स -रूबेला टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बताया कि जनपद में 94 हजार 540 बच्चों को मीजिल्स रूबेला का टीका लगाया।
डीएम डा. आशीष चौहान ने कर्मियों को लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत जनपद में 94 हजार 540 बच्चों को मीजिल्स रूबेला का टीका लगाया जाना है। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम प्रधानों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग लें। उन्होंने कहा कि 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को मीजिल्स रूबेला का टीका अनिवार्य रूप से लगाया जाना है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी स्कूल में टीकाकरण अभियान के लिए अभिभावक शिक्षक संघ की बैठक अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही 28 अक्तूबर को जनपद के समस्त क्षेत्रों में बच्चों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली जाए। इस मौके पर सीडीओ विनीत कुमार, एडीएम पीएल शाह, एसपी ददनपाल, एसडीएम देवेंद्र सिंह, सौरभ असवाल, अनुराग आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. कल्पना गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी हिमानी स्नेही, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी प्रलयंकर नाथ, मुख्य कृषि अधिकारी महिधर सिंह तोमर, जिला पूर्ति अधिकारी गोपाल सिंह मटूड़ा आदि शामिल रहे।