बड़कोट (उत्तरकाशी)। राजीव आवास योजना में अनियमितताओं को लेकर बड़कोट तहसील परिसर में मंगलवार को भी सुरेश असवाल भूख हड़ताल पर बैठे रहे। वहीं अन्य आंदोलनकारी धरने पर डटे हुए हैं, जबकि मंगलवार को एबीवीपी ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।
राजीव आवास योजना में गड़बड़ी पर जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर 26 सितंबर से आधा दर्जन से लोग बड़कोट तहसील में धरने पर बैठे हैं, जिसके तहत सोमवार से सुरेश असवाल भूखहड़ताल पर बैठ गए हैं। जबकि सभाषद प्रवीन गौड़, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष आनंद असवाल, पूरण सिंह रावत, प्रताप सिंह रावत, सुनील थपलियाल अनिश्चितकालीन धरने पर डटे हुए हैं। मंगलवार को चिकित्सकों की टीम ने भूखहड़ताल पर बैठे सुरेश असवाल का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं एबीवीपी के छात्रसंघ अध्यक्ष नवीन जगूड़ी, ममराज, नितिन, राहुल, यशपाल, रविंद्र, गौतम, कपिल सिंह रावत आदि ने समर्थन दिया।