उत्तरकाशी। गंगा को स्वच्छ रखने के लिए गायत्री परिवार शांति कुंज हरिद्वार निर्मल गंगा जन अभियान टोली के साथ गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगा। इसके तहत दल के सदस्य उत्तरकाशी के भटवाड़ी, लाटा, मनेरी, नैताला, सैंज गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
गायत्री परिवार से जुड़े अजय प्रकाश बड़ोला ने बताया कि रविवार शाम को योग निकेतन घाट पर गंगा दीप यज्ञ भजन का आयोजन किया गया, जिसमें गंगा को स्वच्छ रखने के लिए संकल्प लिया गया। बड़ोला ने बताया कि नई टिहरी उपजोन प्रभारी डा. वीएन जोशी के दिशा निर्देश पर कार्यक्रम किया जा रहा है। सुखपाल शर्मा, रघुनाथ सिंह, नरेश शर्मा तीन सदस्यीय दल उत्तरकाशी के कई गांव का भ्रमण करेंगे और लोगों को गंगा के प्रति स्वच्छता रखने के लिए जागरूक करेंगे। साथ ही चिन्यालीसौड़ में भी गायत्री परिवार से जुड़े सदस्य भागीरथी नदी किनारे बसे लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।