उत्तरकाशी। छात्र की मौत के मामले की जांच होगी। जिलाधिकारी ने एसडीएम भटवाड़ी को जांच सौंपते हुए 15 दिन के अंदर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। इधर, छात्र के शोक में बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी का बाजार दोपहर तक बंद रहा।
नगर के ऋषिराम शिक्षण संस्थान के 17 वर्षीय छात्र की तबियत अचानक स्कूल में बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल में उसकी बुधवार को मौत हो गई थी। मामले में परिजनों ने स्कूल प्रशासन व चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को छात्र के चाचा सुधीर बिष्ट के साथ कुछ लोग डीएम से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने भतीजे की मौत की जांच कराने की मांग की। डीएम डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने एसडीएम भटवाड़ी देवेंद्र नेगी को मामले की जांच सौंपते हुए 15 दिन के अंदर जांच पूरी कर रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम भटवाड़ी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जांच में सभी तथ्यों को ध्यान में रखा जाएगा। डीएम को मिलने वालों में गजेंद्र सिंह बिष्ट, राकेश बिष्ट, लोकेंद्र बिष्ट, कुलदीप बिष्ट आदि शामिल रहे।