उत्तरकाशी। ओजरी क्षेत्र यमुनोत्री हाईवे सातवें दिन भी नहीं खुल पाया और अगले एक हफ्ते से तक इसके खुलने के आसार भी नहीं लग रहे हैं। वहीं, जिला प्रशासन ने यातायात सुचारु कराने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने का निर्णय लिया है। हालांकि, अंतिम निर्णय 19 को जीएसआई की रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा कि वैकल्पिक मार्ग कहां से बनाया जाए।
रविवार को पत्रकारवार्ता में डीएम डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भू-वैज्ञानिकों की प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार ओजरी में 2500 वर्ग मीटर हिस्सा भूस्खलन से प्रभावित है। यहां दो स्लाइड जोनों से लगातार बोल्डर गिर रहे हैं, जबकि इन दोनों के बीच तीसरा स्लाइड जोन भी बन रहा है। भू वैज्ञानिकों का कहना है कि क्षेत्र में कभी ग्लेशियर रहा होगा, जिससे पहाड़ की परत ढीली हो गई है। करीब 2007 से यह स्लाइड जोन सक्रिय होने लगा था, जो अब रौद्र रूप धारण कर चुका है।
उन्होंने बताया कि भूस्खलन कब रुकेगा, इसका अनुमान जीएसआई की फाइनल रिपोर्ट के बाद ही लगाया जा सकेगा। डीएम ने कहा कि राजमार्ग सुचारु कराने के लिए दो वैकल्पिक मार्ग बनाने की योजना तैयार की गई है। एक मार्ग ओजरी में मौजूद वर्तमान सड़क के नीचे से ही बनाया जा सकता है। यह करीब डेढ़ किमी लंबा होगा, जिसमें तारों का जाल लगाकर सुरक्षा दीवार तैयार की जाएगी। इसे लगभग एक सप्ताह में बनाया जा सकता है।
दूसरा मार्ग नदी पार तिर्खली गांव से बनाया जा सकता है, जो 5 किमी लंबा होगा और इसके बनने में अनुमानित 15 दिन का वक्त लगेगा। दोनों मार्गों के लिए कागजी कार्रवाई पूरी कर दी गई है, लेकिन अंतिम निर्णय मंगलवार को ही लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गंगनाणी से खरसाली तक हेली सेवा शुरू करने के लिए प्रमुख सचिव को पत्र भेज दिया गया है। ओजरी में बनाए गए पैदल मार्ग से रविवार को करीब 400 यात्रियों को यमुनोत्री धाम भेजा गया है।
पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण
ओजरी-डबरकोट में हो रहे भूस्खलन से ओजरी गांव की पेयजल लाइन ध्वस्त हो गई है। इससे ग्रामीणों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। करीब एक सप्ताह से पानी की सप्लाई बंद होने के कारण ग्रामीणों को गदेरे से पानी लाना पड़ रहा है। प्रधान पुष्पा चौहान ने बताया कि ओजरी गांव का पेयजल स्रोत डबरकोट पहाड़ी पर स्थित था, जो भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रशासन एवं जल संस्थान को कई बार शिकायत करने के बाद भी गांव के लिए वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था नहीं की गई है। इससे लोगों को गदेरों से पानी ढोना पड़ रहा है। उधर, तहसीलदार बुद्धि सिंह रावत ने कहा कि जल संस्थान को ओजरी गांव में वैकल्पिक जल स्रोत बहाल करने के निर्देश दे दिए गए हैं।